सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में आतंकी समूह अल-शबाब के बंदूकधारियों ने होटल हयात पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। इस हमले में २१ लोगों की मौत हो गई है और ४० से अधिक लोग घायल हो गए हैं। सुरक्षा सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि अल-शबाब के लड़ाकों ने शुक्रवार को सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के हयात होटल पर गोलियों की बौछार कर दी जिसमें आठ लोगों की जान जा चुकी है। बताया जा रहा है कि आतंकवादियों ने होटल हयात पर कब्जा कर लिया, फिर देर रात सभी आतंकियों को मार कर सुरक्षाकर्मियों ने वहाँ फँसे लोगों को आज़ाद कराया।
एक मीडिया ब्रीफिंग में, सोमाली पुलिस के प्रवक्ता अब्दीफतह अदन हसन ने कहा कि एक आत्मघाती हमलावर शुरू में होटल में घुसा और फायरिंग शुरू कर दी, जिसके परिणामस्वरूप सुरक्षा बलों और जिहादी समूह के बंदूकधारियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। इस घटना में २१ लोगों की मौत हो गई। उन्होंने पुष्टि की कि कुछ बंदूकधारी अभी भी होटल में हैं। इसके अलावा, उन्होंने सुनिश्चित किया कि सुरक्षा अधिकारी स्थिति से निपट रहे थे और कहा कि आतंकवादियों को जल्द ही समाप्त कर दिया जाएगा।
दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में आतंकवादी संगठन अल-कायदा के जो धड़े हैं, अल-शबाब उन्हीं में से एक है। मुख्य तौर पर सोमालिया स्थित इस संगठन का पूरा नाम हरकत अल-शबाब अल मुजाहिदीन है और केन्या से लगती देश की दक्षिणी सीमा पर इसका जबर्दस्त वर्चस्व है। अल-शबाब का एकमात्र मकसद सोमालिया सरकार को जड़ से उखाड़ना है। अल-शबाब सऊदी अरब के वहाबी इस्लाम को मानता है, जो कि इस्लाम का सबसे कट्टर स्वरूप है।
सोमालिया सरकार के खिलाफ लंबे समय से जंग लड़ रहे इस आतंकी संगठन का ये कोई पहला हमला नहीं है। अल शबाब ने मोगादिशू शहर में इससे पहले भी कई भयानक विस्फोटों को अंजाम दिया है। आतंकी संगठन अल-शबाब की स्थापना २००६ में हुई थी। उस समय मोगादिशू शहर यूनियन ऑफ इस्लामिक कोर्ट्स के कब्जे में था, जो कि शरिया अदालतों का एक संगठन था। इसका मुखिया शरीफ शेख अहमद था। २००६ में इथियोपिया की सेना ने इस संगठन को हरा दिया और अल-शबाब का जन्म हुआ।अल-शबाब यूनियन ऑफ इस्लामिक कोर्ट्स की ही एक कट्टरपंथी शाखा है।
भारत ने हयात होटल पर हमले की कड़ी निंदा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, “भारत मोगादिशू में हयात होटल पर हमले की कड़ी निंदा करता है और आतंकवाद के इस कायराना कृत्य के पीड़ितों और परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है। भारत सरकार और सोमालिया के लोगों के साथ आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में खड़ा है। विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान का लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत की जारी मानवीय सहायता के हिस्से के रूप में भारत अफगानिस्तान को चिकित्सा सहायता का 10वां बैच भेज दिया है।
लगातार अपडेट और ख़बरों के लिए हमारे फ़ेसबुक पेज और ट्विटर ज़रूर फ़ॉलो करें।