नई दिल्ली| देश भर में सोमवार को लोकसभा चुनाव के तहत नौ राज्यों की 72 सीटों पर चौथे चरण का मतदान होगा, जिसमें से अधिकतर हिंदी पट्टी के क्षेत्र हैं और इसमें 943 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से 210 के खिलाफ आपराधिक मामले और 158 के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
राजस्थान और उत्तर प्रदेश की 13-13 सीटों, बिहार की पांच, पश्चिम बंगाल की आठ, झारखंड की तीन, मध्यप्रदेश और ओडिशा की छह-छह और महाराष्ट्र की 17 सीटों पर सोमवार को मतदान होगा, जिसमें कुल 12.79 करोड़ मतदाता मतदान के पात्र हैं।
इस चरण में जम्मू एवं कश्मीर की अनंतनाग सीट पर भी मतदान होगा। चौथे चरण में भाजपा के समक्ष 45 सीटों को बचाने की चुनौती है, जिनपर उसने 2014 में जीत दर्ज की थी। इनमें से राजस्थान में 13, उत्तर प्रदेश में 12, मध्य प्रदेश में पांच, बिहार में तीन, झारखंड में तीन, महाराष्ट्र में आठ और पश्चिम बंगाल में एक सीट शामिल है।
इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, एस.एस. अहलूवालिया, बाबुल सुप्रियो, गजेन्द्र सिंह शेखावत, पी.पी. चौधरी, डॉ. सुभाष भामरे और सुदर्शन भगत शामिल हैं। इनके अलावा, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव, फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर, भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा और जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार भी चुनाव मैदान में हैं।
ओडिशा में विधानसभा की शेष 42 सीटों सहित मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा, उत्तर प्रदेश में निघासन और पश्चिम बंगाल में कृष्णगंज विधानसभा सीट के उप-चुनाव के लिए भी सोमवार को वोट डाले जाएंगे।
चौथे चरण में महाराष्ट्र में जिन 17 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होना है, उनमें मुम्बई की सभी छह सीटें शामिल हैं।
बिहार में दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर में वोट डाले जाएंगे। इन सीटों के लिए तीन महिलाओं सहित 66 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा 21 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं।
बिहार में बेगूसराय में रोचक मुकाबला भाजपा के गिरिराज सिंह और जेएनयू छात्र नेता एवं भाकपा उम्मीदवार कन्हैया कुमार के बीच है। इसी तरह पश्चिम बंगाल में तृणमूल उम्मीदवार मुनमुन सेन का मुकाबला बाबुल सुप्रियो से है।
जम्मू-कश्मीर में कुलगाम जिले में तीन लाख 45 हजार से अधिक मतदाता हैं। इस सीट के लिए प्रमुख उम्मीदवारों में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जी. ए. मीर और नेशनल कांफ्रेंस के हसनैन मसूदी शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव के अगले तीन चरण 19 मई तक समाप्त होंगे, और मतगणना 23 मई को होगी।