
राजधानी लखनऊ में विश्व हिन्दू महासभा के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत बच्चन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है। राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज में रणजीत बच्चन की हत्या से सनसनी फैल गई है। रणजीत अपने मित्र आदित्य कुमार श्रीवास्तव के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। आदित्य को बायें हाथ में गोली लगी है।
मामले में लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच के छह टीमों का गठन किया है। आदित्य के हाथ में फैक्चर हुआ है। प्लास्टर करवाने के बाद पुलिस आदित्य को हजरतगंज कोतवाली ले आई है जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आदित्य सहित तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, रणजीत के परिजन उनका शव लेकर हजरतगंज स्थित घर में वापस आ गए हैं।
जानकारी पर अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कुमार आशीष घटना स्थल पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि रणजीत बच्चन लंबे समय तक उनके संगठन में कार्यकारी अध्यक्ष रहे हैं। वर्तमान में विश्व हिन्दू महासभा के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उन्होंने कहा कि आज रणजीत की हत्या कर दी गई। इससे पहले कमलेश तिवारी की हत्या की गई थी।
उन्होंने कहा कि हिंदू नेता लगातार निशाने पर हैं। हमारी जान को खतरा है। उन्होंने सरकार से हिंदू नेताओं की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। लगातार हो रही हत्याएं पुलिस पर भी सवाल खड़े करती है।
रणजीत बच्चन इलाके की ओसीआर बिल्डिंग के बी-ब्लॉक में रहते थे। रविवार सुबह वह आदित्य के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जहां सीडीआरआई के पास बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। रणजीत मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले हैं। वह समाजवादी पार्टी से भी जुड़े रहे हैं। बदमाशों ने रणजीत के सिर में गोली मारी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विश्व हिंदू महासभा रणजीत बच्चन का खुद का संगठन था। वह लंबे समय तक अखिल भारतीय हिंदू महासभा में रहे पर विवाद हो जाने पर अलग हो गए और खुद का संगठन बना लिया।
रणजीत बच्चन की दो पत्नियां हैं। पहली से तीन साल का एक बच्चा है जो कि गोरखपुर में रहती है जबकि दूसरी के साथ वह हजरतगंज में रहते थे। कल शनिवार को उनका जन्मदिन था जो उन्होंने पास के एक मंदिर में मनाया था।
रणजीत की साली ने 2017 में उन पर दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज करवाया था।
रणजीत हत्याकांड पर समाजवादी पार्टी ने कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। सपा के ट्वटिर अकाउंट से लिखा गया है कि दिनदहाड़े हत्याकांड से आम जनमानस में दहशत है। उत्तर प्रदेश में पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है। निकम्मी सरकार को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
बता दें कि 18 अक्तूबर को हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की दो लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। दोनों बदमाश भगवा कपड़े पहने हुए थे और मिठाई के डिब्बे में पिस्टल व चाकू छिपाकर लाए थे।
दोनों नाका स्थित खुर्शेदबाग की तंग गलियों में स्थित कमलेश के घर पहुंचे थे। पहली मंजिल स्थित पार्टी दफ्तर में पहले उनकी गर्दन पर गोली मारी। फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने के बाद गला रेत दिया था। पुलिस ने मौके से .32 बोर की एक पिस्टल व एक खोखा बरामद किया था।