विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए और दुनिया को यह विश्वास दिलाना चाहिए कि इस्लामाबाद जो कहता है, वह करके दिखाता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जवाब उस सवाल पर दिया, जिसमें यह पूछा गया था कि भारत पाकिस्तानी सेना के प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के बयान को किस तरह देखता है।
मुनीर ने मंगलवार को कहा था कि सेना देश में बढ़ते आतंकवाद को हराने के लिए कटिबद्ध है। जायसवाल ने कहा, ‘पाकिस्तान को कार्रवाई करने और ठोस प्रतिबद्धता दिखाने की जरूरत है। उसे सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करके दुनिया को यह भरोसा दिलाना होगा कि वह जो कहता है, करके दिखाता है।’
विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान के प्रांतों में पाकिस्तान के हालिया हवाई हमले की निंदा की और कहा कि इससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को नुकसान पहुंचता है। इन हमलों में कई लोग मारे गए और घायल हुए हैं।