पहले चरण में 91 लोकसभा सीटों परआज डाले जाएंगे वोट

नई दिल्ली: गुरुवार को पहले चरण के लोकसभा चुनाव के लिए देश के 18 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 91 सीटों पर मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा। इससे कुछ घंटे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ने मतदाताओं से अपील की।

बुधवार शाम उन्होंने वोटर्स को संबोधित करते हुए कहा कि मेरी विनम्र अपील है कि आप ज्यादा से ज्यादा संख्या में आएं और वोट डालें जिससे लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने आगे कहा कि हमारे प्रयास फलीभूत होंगे, अगर हर एक मतदाता पूरे उत्साह और भरोसे के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा ले।

लोकसभा चुनावों के पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। केंद्र में नई सरकार बनाने के लिए सात चरणों में लोकसभा चुनाव होने हैं। इनके साथ-साथ पहले चरण में ही आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। ओडिशा विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान भी गुरुवार को होगा। पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा तेलंगाना की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इसके अलावा पहले चरण में असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू एवं कश्मीर, महाराष्ट्र, मणिपुर, ओडिशा, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी कुछ लोकसभा सीटों पर मतदान होगा।

कई मंत्रियों की सीटों पर चुनाव

पहले चरण में होने जा रहे चुनाव में कई राज्यों में काफी दिलचस्प टक्कर होने वाली है। दरअसल, इसी चरण में कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न पार्टियों के कुछ वरिष्ठ नेताओं का राजनीतिक भविष्य दांव पर लगा है। पहले चरण में उत्तर प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों में से आठ सीटों, बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से चार और पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से दो सीटों पर चुनाव होंगे।

महाराष्ट्र में नितिन गडकरी की सीट नागपुर, केंद्रीय मंत्री हंसराज अहीर की सीट चंद्रपुर पर गुरुवार को ही वोटिंग होगी। बिहार की चार सीटों में से LJP नेता चिराग पासवान की जमुई सीट भी शामिल है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की सीट पर भी चुनाव पहले चरण में ही है।

पहले चरण में UP की प्रमुख सीटें

उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों में प्रमुख सहारनपुर, कैराना, गाजियाबाद, बागपत और गौतमबुद्धनगर हैं। इन सीटों पर तीन केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह (गाजियाबाद), सत्यपाल सिंह (बागपत) और महेश शर्मा (गौतमबुद्धनगर) के साथ-साथ राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष अजित सिंह तथा उनके बेटे जयंत चौधरी भी मैदान में हैं।

UP के 11 फीसदी मतदाता डालेंगे वोट

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों के लिए मतदान होने हैं। बीजेपी को इन सीटों पर समाजवादी पार्टी (एसपी), बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के गठबंधन के चलते कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ सकता है। कांग्रेस को भी यहां अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर की आठ सीटों पर कुल 1.5 करोड़ मतदाता हैं, जो गुरुवार को मतदान करेंगे। ये मतदाता राज्य की 80 लोकसभा सीटों के लिए 14 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के करीब 10.45 प्रतिशत हैं।

उत्तर प्रदेश के पहले चरण का चुनाव महत्वपूर्ण है, क्योंकि पश्चिमी क्षेत्र में किसी भी तरह का ध्रुवीकरण बीजेपी को फायदा पहुंचा सकता है। 2014 के लोकसभा चुनाव में देखा गया था कि ध्रुवीकरण से बीजेपी को फायदा हुआ था। आइए उत्तर प्रदेश की प्रमुख संसदीय सीटों का समीकरण समझते हैं।

मुजफ्फरनगर
एसपी-बीएसपी-रालोद गठबंधन के उम्मीदवार रालोद प्रमुख अजित सिंह यहां से पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के खिलाफ मैदान में हैं। यहां की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में अच्छी-खासी मुस्लिम आबादी है। यहां करीब 17 लाख मतदाता हैं, जिनमें मुस्लिम 26 प्रतिशत, जाटव 15 प्रतिशत और जाट आठ प्रतिशत हैं। इस क्षेत्र के लोगों का मानना है कि यह सीट दोनों नेताओं के लिए आसान नहीं होने वाली है।

गाजियाबाद
केंद्रीय मंत्री वीके सिंह यहां से दोबारा जीतना चाहते हैं, लेकिन उन्हें त्रिकोणीय मुकाबले का सामना करना पड़ेगा। एसपी-बीएसपी-रालोद गठबंधन ने सुरेश बंसल को और कांग्रेस ने युवा व्यवसायी डॉली शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।

गौतमबुद्ध नगर (नोएडा)

इस सीट पर महेश शर्मा का सामना कांग्रेस के अरविंद कुमार सिंह और एसपी-बीएसपी-RLD गठबंधन से बीएसपी उम्मीदवार सतवीर नागर से होगा।

बागपत
केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह इस जाट बहुल इलाके से दोबारा जीत दर्ज करना चाहते हैं, जबकि रालोद नेता अजित सिंह के बेटे जयंत चौधरी एसपी-बीएसपी-रालोद उम्मीदवार के रूप में उनके खिलाफ लड़ रहे हैं।

सहारनपुर
बीजेपी ने यहां से अपने मौजूदा सांसद राघव लखनपाल को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने उनके खिलाफ इमरान मसूद को खड़ा किया है, जिन्होंने पिछले चुनाव में लखनपाल को कड़ी टक्कर दी थी, मगर 65,000 मतों से हार गए थे। इन आठ संसदीय क्षेत्रों में 1.5 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 82 लाख पुरुष मतदाता और 68 लाख महिला मतदाता हैं।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *