देश को जलाने वाले एक निक्कर के जलते दिखाए जाने पर इतने परेशान क्यों: जयराम रमेश

नई दिल्ली। कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस पर हमला करते हुए एक ट्वीट किया, जिसके बाद भाजपा नें कांग्रेस से तुरंत इस ट्वीट और तस्वीर को हटाने की मांग की है। कांग्रेस ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पुतला जलाना तो लोकतांत्रिक अधिकार है। हमने सिर्फ कार्टून के माध्यम से तोड़ने वालों की जलन को दिखाया है।”

मालूम हो कि कांग्रेस ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के बीच एक ऐसा ट्वीट किया है जिस पर सियासी बवाल खड़ा हो गया। कांग्रेस ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए पोस्ट में आरएसएस की निक्कर में आग लगी तस्वीर शेयर कर है। इस तस्वीर के जरिए कांग्रेस ने आरएसएस-भाजपा पर निशाना साधा है। इसके बाद भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को आग लगाओ यात्रा बता दिया।

इस कांग्रेस के ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी 7 जन्म लेंगे तब भी RSS की बराबरी नहीं कर पाएंगे। RSS का एक-एक स्वयंसेवक भारत माता की वैभव के लिए जीता है। RSS भारत के संस्कार और संस्कृति का ध्वज वाहक है। वे जितना जलेंगे संघ उतना ही सांस्कृतिक फैलाव करेगा।

कांग्रेस के ट्वीट पर डॉ. मनमोहन वैद्य (RSS, रायपुर) ने कहा कि वे लोगों को नफरत से जोड़ना चाहते हैं। उनके बाप-दादा ने संघ का बहुत तिरस्कार किया और अपनी पूरी ताकत के साथ संघ को रोकने का प्रयास किया। मगर संघ रुका नहीं, संघ लगातार बढ़ रहा है।

दरअसल, अपनी पोस्ट में कांग्रेस ने लिखा कि देश को नफरत के माहौल से मुक्त करने और आरएसएस-भाजपा द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई को पूरा करने के लक्ष्य की दिशा में हम कदम बढ़ा रहे हैं। इसके बाद एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें आरएसएस की निक्कर में आग लगी हुई दिख रही है और उसमें से धुआं ने निकल रहा है।

जैसे ही यह तस्वीर पोस्ट की गई भाजपा भड़क गई। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि ये तस्वीर BJP और RSS को प्रतिनिधित्व करते हुए कांग्रेस ने ट्वीट किया और उसमें आग जलते हुए दिखाया है। कांग्रेस ने लोगों को उकसाने के लिए ये ट्वीट किया है। इनकी भारत जोड़ो यात्रा,आग लगाओ यात्रा है।

संबित पात्रा ने कहा कि ये पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने इस प्रकार की तस्वीर ट्वीट की हो। ये तस्वीर ट्वीट कर राहुल गांधी क्या आप इस देश में हिंसा चाहते हैं? क्या आप चाहते हैं कि लोग एक दूसरे को जला दें? ये भारत जोड़ो आंदोलन नहीं बल्कि भारत तोड़ो और आग जलाओ आंदोलन है। कांग्रेस को तुरंत इस तस्वीर को हटाना चाहिए।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री और पूर्व कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने ट्वीट कर लिखा कि राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक और समझने योग्य हैं लेकिन राजनीतिक विरोधियों को जलाने के लिए क्या इस तरह की मानसिकता की आवश्यकता है? 

भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बेंगलुरु से सांसद तेजस्वी सूर्या ने लिखा कि 1984 में कांग्रेस की आग ने दिल्ली को जला दिया। इसके बाद 2002 में गोधरा में 59 कारसेवकों को जिंदा जला दिया गया। उन्होंने फिर से हिंसा का आह्वान दिया है। कांग्रेस अब राजनीतिक दल नहीं रह गई है और राहुल गांधी सिर्फ भारत के खिलाफ लड़ रहे हैं।

लगातार अपडेट और ख़बरों के लिए हमारे फ़ेसबुक पेज और ट्विटर ज़रूर फ़ॉलो करें। 

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *