तेलंगाना, ओडिशा, दिल्ली, हिमाचल के सीएम से खुश हैं मतदाता- सर्वे

नई दिल्ली| एक मत सर्वेक्षण के मुताबिक, तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव अच्छा प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्रियों की सूची में शीर्ष पर हैं। इनके बाद हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों का स्थान है।

सीवोटर-आईएएनएस के मत सर्वेक्षण के मुताबिक, मतदाताओं ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के काम को सर्वाधिक पसंद किया। इसके बाद रेटिंग में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का नाम है।

सर्वे के मुताबिक, सबसे अच्छा काम करने वाले पांच शीर्ष मुख्यमंत्रियों में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शामिल हैं।

सर्वेक्षण के मुताबिक, मतदाताओं ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों के काम को सबसे कम पसंद किया।

लोग सबसे कम खुश तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के.पलनीस्वामी से दिखे। यह भाजपा के लिए अच्छी खबर नहीं है जिसने तमिलनाडु में पलनीस्वामी की पार्टी अन्नाद्रमुक के साथ गठजोड़ कर आम चुनाव लड़ने का फैसला किया है। 42 फीसदी प्रतिभागियों ने कहा कि वे पलनीस्वामी के काम से संतुष्ट नहीं हैं।

भाजपा के लिए चिंताजनक खबर यह भी है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम इस सूची में बेहद नीचे है। सर्वेक्षण में जिन तीन मुख्यमंत्रियों के काम से लोग सर्वाधिक नाखुश दिखे, उनमें योगी शामिल हैं। उनके काम से केवल 22 फीसदी लोग ही संतुष्ट दिखे।

तेलंगाना में 68.3 फीसदी प्रतिभागियों ने कहा कि वे मुख्यमंत्री राव के कामकाज से बेहद संतुष्ट हैं। राव की कुल मिलाकर रेटिंग बेहद ऊंची, 79.2 फीसदी आई।

सर्वेक्षण के मुताबिक मुख्यमंत्रियों के काम से जुड़े इस सर्वे में शीर्ष दस में भाजपा के केवल दो मुख्यमंत्री जगह बना पाए। हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शीर्ष दस में जगह बनाई। वह दसवें स्थान पर रहे। नौवें स्थान पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रहीं।

सर्वे में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को छठा और कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी को सातवां स्थान मिला।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *