टाइगर श्रॉफ और जाह्नवी कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘लग जा गले’ का पुणे शेड्यूल पूरा हो गया है। इसकी जानकारी फिल्म के हेयर और मेकअप आर्टिस्ट सौरव रॉय की पोस्ट से मिली।
गौरतलब है कि पिछले महीने टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी। टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक, टाइगर 20 अक्टूबर को फिल्म ‘लग जा गले’ की शूटिंग के लिए सेट पर लौट आए थे।
सौरव रॉय ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम स्टोरीज पर ‘LJG Pune Wrap’ लिखा हुआ चॉकलेट केक की तस्वीर शेयर की। तस्वीर में धर्मा प्रोडक्शंस का भी जिक्र था।
जाह्नवी कपूर ने सौरव की पोस्ट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रीशेयर की। ‘लग जा गले’ का निर्देशन राज मेहता कर रहे हैं। फिल्म में टाइगर श्रॉफ और जाह्नवी कपूर के अलावा लक्ष्य लालवानी भी नजर आएंगे।
राज मेहता इससे पहले ‘गुड न्यूज’, ‘जुगजुग जियो’ और ‘सेल्फी’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
इससे पहले मिड-डे की एक रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया था कि ‘लग जा गले’ के मेकर्स ने शूटिंग की लोकेशन को गुप्त रखा था। टीम के कुछ खास सदस्यों के अलावा किसी को भी लोकेशन की जानकारी नहीं दी गई थी।
सूत्र के मुताबिक, मेकर्स के लिए टाइगर की सुरक्षा सबसे जरूरी थी। टाइगर खुद काम पर लौटना चाहते थे। वह नहीं चाहते थे कि इस घटना की वजह से फिल्म की शूटिंग पर कोई असर पड़े।