झारखंड : भाजपा सांसद ने छोड़ी पार्टी, निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव 

रांची, 10 अप्रैल। रांची के भाजपा सांसद रामटहल चौधरी के निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद रांची सहित छह सीटों पर त्रिकोणीय संघर्ष के आसार बन गए हैं। अन्य पांच सीटों में कोडरमा, धनबाद, पलामू, हजारीबाग और गिरिडीह सीट शामिल हैं। झारखंड के 14 लोकसभा सीटों के लिए भाजपा और आजसू साथ हैं तो विपक्ष में कांग्रेस, झामुमो और झाविमो का महागठबंधन है। पर्याप्त सीटें न मिलने से राजद और वामदल महागठबंधन से बिदक गए।

भाजपा ने रांची से रामटहल का टिकट काटा और गिरिडीह सीट आजसू की झोली में डाल दिया। इससे इन दोनों सीटों के सांसद नाराज हैं, जो संघर्ष को त्रिकोणीय बनाएंगे। पलामू में माले की सुषमा मेहता और धनबाद में मासस के अरूप चटर्जी तीसरा कोण बनेंगे। कोडरमा में झाविमो, माले और भाजपा मेंे रोचक मुकाबला होगा। वहीं गिरिडीह सांसद रवींद्र पांडेय भी ठौर तलाश रहे हैं। वे आजसू के चंद्रप्रकाश चाैधरी व झामुमो के संभावित प्रत्याशी जगन्नाथ महतो को टक्कर देंगे।

रांची : भाजपा-कांग्रेस व रामटहल के बीच होगा रोचक मुकाबला

यहां सुबोधकांत सहाय गठबंधन का चेहरा होंगे। भाजपा ने अब तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। वहीं सांसद रामटहल चौधरी निर्दलीय प्रत्याशी होंगे। इन तीनों के बीच रोचक मुकाबला तय है। भाजपा सांसद रामटहल चौधरी ने पिछले चुनाव में कांग्रेस के सुबोधकांत सहाय को करीब दो लाख वोट से हराया था। रामटहल को 4,48,729 वोट और सुबोधकांत को 2,49,426 वोट मिले थे। इस बार भी दोनों चुनाव मैदान में होंगे, लेकिन रामटहल के साथ भाजपा नहीं होगी। भाजपा से कोई दूसरा चेहरा होगा।  2014 के चुनाव में आजसू के सुदेश कुमार महतो को 1,42,560 वोट मिले थे। झाविमो से लड़ने वाले अमिताभ चौधरी को 67,712 वोट मिले थे। वे इस बार भाजपा से टिकट की दौड़ में हैं।

कोडरमा : बाबूलाल, भाजपा और राजकुमार में होगी कांटे की टक्कर

कोडरमा सीट पर झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी महागठबंधन के प्रत्याशी होंगे। माले ने विधायक राजकुमार यादव को उतारा है। वहीं राजद छोड़कर भाजपा में आईं अन्नपूर्णा देवी को भाजपा चुनाव मैदान में उतार सकती है।  इससे यहां कांटे की टक्कर की उम्मीद है।

गिरिडीह : रवींद्र पांडेय उतरे तो चंद्रप्रकाश, जगन्नाथ की राह कठिन

भाजपा ने गिरिडीह आजसू के लिए छोड़ी है। आजसू ने चंद्रप्रकाश चौधरी को उतारा है। पिछले चुनाव में नंबर दो पर रहे झामुमो विधायक जगन्नाथ महतो पर पार्टी दांव खेलने की तैयारी में है। अगर सांसद रवींद्र पांडेय भी मैदान में उतरे तो चुनाव त्रिकोणीय होगा।

पलामू : बीडी राम का घूरन राम व सुषमा से मुकाबला

पलामू में भाजपा सांसद बीडी राम का मुकाबला राजद से होगा। लेकिन माले की सुषमा मेहता के मैदान में उतरने से यहां कड़ा संघर्ष होने की उम्मीद है। यहां से राजद के घूरन राम प्रबल दावेदार हैं। पिछले चुनाव में झाविमो के घूरन राम को 1,56,832 वोट मिले थे।

धनबाद : पीएन सिंह, कांग्रसे और अरूप चटर्जी के बीच मुकाबला

भाजपा ने वर्तमान सांसद पीएन सिंह को उतारा है। गठबंधन की ओर से कांग्रेस के ददई दुबे या क्रिकेटर कीर्ति आजाद को टिकट दिया जा सकता है। मासस ने अरूप चटर्जी के नाम का ऐलान कर दिया है। इस सीट पर भी त्रिकोणीय मुकाबला होगा।

हजारीबाग : जयंत सिन्हा की कांग्रेस और भाकपा से टक्कर

भाजपा ने हजारीबाग से केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा को उतारा है। महागठबंधन की ओर से यह सीट कांग्रेस के खाते में गई है। कांग्रेस में गोपाल साहू का नाम सबसे ऊपर चल रहा है।  भाकपा नेता भुवनेश्वर मेहता के भी चुनाव लड़ने की उम्मीद है।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *