जम्मू-कश्मीर पर कांग्रेस, राहुल राजनीति कर रहे : अमित शाह


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कांग्रेस व इसके पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर जम्मू-कश्मीर मुद्दे को लेकर हमला किया। उन्होंने उन पर ‘राष्ट्रीय सुरक्षा’ से जुड़े मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। जम्मू-कश्मीर पर संविधान के अनुच्छेद 370 को रद्द करने के कदम को ‘ऐतिहासिक फैसला’ बताते हुए अमित शाह ने कहा कि जहां भाजपा ने एक राष्ट्र, एक प्रधानमंत्री व एक संविधान के लिए संघर्ष किया है, वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे का राजनीतिकरण करने में जुटी है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस इसे राजनीतिक मुद्दे के तौर पर देखती है, लेकिन हम इसे राष्ट्रवाद मानते हैं।”

अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर 1947 में ‘असामयिक रूप से युद्ध विराम’ के लिए सहमत होने का आरोप लगाया, जिसने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के सृजन के लिए मार्ग प्रशस्त किया।

उन्होंने कहा, “मैं दूसरी बार सरकार बनाने के बाद संसद के पहले सत्र में अनुच्छेद 370 और 35ए को खत्म करने के लिए हिम्मत और धैर्य दिखाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देता हूं।”

अनुच्छेद 370 को रद्द करने के महत्व पर पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक में अमित शाह ने कहा, “मैं राहुल गांधी को सूचित करना चाहता हूं कि हमारी तीन पीढ़ियों ने अनुच्छेद 370 को रद्द करने के लिए संघर्ष किया। इसलिए यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, जैसा आप मानते हैं। इसे जीवित रखना कांग्रेस के लिए राजनीतिक मुद्दा है, लेकिन भाजपा के लिए यह देश की एकता व अखंडता का मुद्दा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सच किया।”

अनुच्छेद 370, 21 अक्टूबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में एक प्रमुख मुद्दा हो सकता है।

अनुच्छेद 370 के रद्द होने के बाद महाराष्ट्र व हरियाणा पहले दो राज्य हैं, जिसमें चुनाव होने जा रहे हैं और उम्मीद है कि भाजपा प्रचार अभियान के दौरान लोगों की भावनाओं को इस मुद्दे पर परखेगी।

बीते सप्ताह मोदी ने महाराष्ट्र के नासिक में एक रैली के दौरान लोगों से कश्मीर को फिर से स्वर्ग बनाने के लिए सहयोग करने व सभी कश्मीरियों को गले लगाने का आग्रह किया, जो सिर्फ विकास चाहते हैं।

अमित शाह ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राष्ट्रीय हित के गंभीर मुद्दों पर राजनीति नहीं की जा सकती।

उन्होंने राहुल गांधी को भारतीय इतिहास के अध्ययन की सलाह दी कि इस तरह के गंभीर मुद्दों पर किस तरह से सही फैसला लें।

भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए अमित शाह ने आशा जताई कि भाजपा की अगुवाई वाला गठबंधन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में फिर सत्ता में लौटेगा।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *