प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों में नमाजियों पर हुए आतंकी हमले पर गहरे सदमे और शोक का इजहार किया है। इस आतंकी हमले में 49 लोग मारे गए हैं।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों में नमाजियों पर हुए आतंकी हमले पर गहरे सदमे और शोक का इजहार किया है। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जसिंदा आरडेर्न को भेजे एक पत्र में प्रधानमंत्री ने इस भयावह हमले के शिकार परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में भारत, न्यूजीलैंड के साथ है।
मोदी ने आतंकवाद की इसके सभी रूपों में और इसके समर्थकों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि नफरत और हिंसा का बहुलवादी व लोकतांत्रिक समाजों में कोई स्थान नहीं है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में हुए हमलों को एक घृणित आतंकवादी वारदात बताया।
न्यूजीलैंडक्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों में शुक्रवार को हुई गोलीबारी के बाद भारतीय नागरिकता वाले या भारतीय मूल के कम से कम 9 लोग लापता हैं। गोलीबारी की इन घटनाओं में 49 लोग मारे गए हैं।
भारतीय उच्चायुक्त संजीव कोहली ने ट्वीट किया, ‘कई सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय नागरिकता/भारतीय मूल के 9 लोग लापता हैं। आधिकारिक पुष्टि का अभी भी इंतजार किया जा रहा है. मानवता के खिलाफ भारी अपराध. उनके परिवारों के लिए हमारी प्रार्थना।’