नई दिल्ली, – कोरोनावायरस के दैनिक मामलों में गिरावट के बीच बीते 24 घंटों में देश में 12,194 नए मामले दर्ज हुए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक रविवार तक देश में कुल मामलों की संख्या 1,09,04,940 हो गई है।
बीते 2 हफ्तों से देश में संक्रमण के रोजाना 15 हजार से कम मामले दर्ज हो रहे हैं। इसके अलावा करीब डेढ़ महीने से मौतों का आंकड़ा भी घटकर 200 से नीचे आ गया है। 9 फरवरी को देश में 9,110 नए मामले दर्ज हुए थे, जो इस साल का अब तक का सबसे छोटा आंकड़ा है। इससे पहले बीते साल 3 जून को सबसे कम – 9,633 मामले दर्ज किए गए थे।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों में 92 मौतें भी हुईं हैं। इसके बाद मरने वालों का कुल आंकड़ा 1,55,642 हो गया है। वहीं 11,395 रोगियों के डिस्चार्ज होने के बाद अब तक ठीक हुए लोगों की संख्या 1,06,11,731 हो गई है। अब देश में 1,37,567 सक्रिय मामले हैं। रिकवरी दर बढ़कर 97.31 प्रतिशत और मृत्यु दर घटकर 1.43 प्रतिशत हो गई है।
इस बीच 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के बाद देश में अब तक 82,63,858 से अधिक कोरोना वैक्सीन डोज दिए जा चुके हैं।