केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बंगाल भाजपा को नसीहत, केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर न कर अपने बूते लड़े चुनाव

केंद्रीय गृहमंत्री व भाजपा के दिग्गज नेता अमित शाह ने पार्टी की बंगाल इकाई को केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर करने के बजाय अपने बूते आगामी लोकसभा (लोस) चुनाव लड़ने की नसीहत दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ सोमवार देर रात डेढ़ बजे कोलकाता पहुंचे शाह ने मंगलवार को बंगाल भाजपा की कोर कमेटी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में शाह ने साफ तौर पर कहा है कि केंद्रीय नेतृत्व व केंद्रीय एजेंसियों पर निर्भर रहने से नहीं चलेगा। अपनी लड़ाई खुद लड़नी होगी। इसके बाद उन्होंने नड्डा के साथ बंगाल के लिए 15 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन टीम का गठन करके लोस चुनाव की तैयारियों का आगाज कर दिया।

टीम में कौन-कौन शामिल?

टीम में बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी, सांसद दिलीप घोष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा, अमिताभ चक्रवर्ती, सतीश धंड, जगन्नाथ सरकार, अग्निमित्रा पाल, लाकेट चटर्जी, दीपक बर्मन और ज्योतिर्मय महतो शामिल हैं। बंगाल के चार केंद्रीय पर्यवेक्षकों सुनील बंसल, अमित मालवीय, आशा लकड़ा और मंगल पांडेय को भी इसमें जगह दी गई है।

बंगाल से चार केंद्रीय मंत्रियों निशिथ प्रमाणिक, शांतनु ठाकुर, सुभाष सरकार और जान बारला को इसमें शामिल नहीं किया गया है। टीम का काम चुनाव संबंधी सभी कार्यों की देखरेख करना होगा। उन्होंने कहा कि कैसे प्रचार किया जाएगा, कौन से केंद्रीय नेता प्रचार के लिए बंगाल आएंगे, ये सब तय करने की जिम्मेदारी इन नेताओं के कंधों पर होगी।

TMC का मुकाबला करने के लिए क्या करेंगे शाह?

सूत्रों के अनुसार शाह ने कहा कि बंगाल में तृणमूल का मुकाबला करने के लिए संगठन को मजबूत करना होगा। केंद्रीय नेतृत्व साथ रहेगा, लेकिन उसपर निर्भर करने से नहीं चलेगा। इसी तरह केंद्रीय एजेंसियां भी अपने तरीके से काम करेंगी। उन्होंने लोस चुनाव के प्रचार में इंटरनेट मीडिया के अधिक से अधिक इस्तेमाल पर भी जोर दिया है।

साथ ही पार्टी के राज्य नेताओं को आपसी मतभेद भुलाकर साथ मिलकर काम करने का भी संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि शाह ने बंगाल की 35 लोस सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 2019 के लोस चुनाव में भाजपा ने राज्य में 18 सीटें जीती थी। खबर है कि इस बार बंगाल के 20 भाजपा विधायकों को टिकट दिया जा सकता है। इस कारण कुछ वर्तमान सांसदों का इस बार पत्ता कट सकता है।

काली मंदिर में की पूजा, गुरुद्वारे में टेका मत्था

शाह व नड्डा मंगलवार सुबह जोड़ासाको इलाके के श्री बड़ी सिख संगत साहिब गुरुद्वारा गए और वहां मत्था टेका। उन्होंने इस दिन कालीघाट मंदिर जाकर पूजा-अर्चना भी की। इसके बाद राष्ट्रीय पुस्तकालय में पार्टी की मीडिया सेल के साथ बैठक की। देर शाम वे दिल्ली लौट गए।

कोर कमेटी की बैठक में अनुपस्थित रहे मिथुन

अभिनेता व भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती के कोर कमेटी की बैठक में अनुपस्थित रहने को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। मिथुन पिछले कुछ समय से पार्टी की गतिविधियों में नजर नहीं आ रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मिथुन इस समय पारिवारिक कारणों से अमेरिका के न्यू जर्सी में हैं। मिथुन ने 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए जमकर प्रचार किया था।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *