नेपाल ने एशियन गेम्स के क्रिकेट इवेंट में अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया है। जापान के निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी की। टीम 20 ओवर में सिर्फ 102 रन बना सकी। जवाब में नेपाल ने 17.2 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।
नेपाल के लिए सुंदीप जोरा ने 34 और रोहित पौडेल ने 33 रन बनाए। नेपाल के कप्तान दीपेंद्र सिंह एरी ने 15 रन बनाए।
अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। टीम ने 16 रन के स्कोर तक तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद फैसल खान अहमदजई और नजीबुल्लाह जादरान ने पारी संभाली। दोनों ने 30-30 रन बनाए। नांगेयालिया खान 17 रन बनाकर नाबाद रहे। नेपाल के कुशल भुर्तेल ने 4 और ललित राजबंशी ने 3 विकेट लिए।
रोहित पौडेल ने नाबाद 33 रन बनाए
103 रन के टारगेट का पीछा करते हुए नेपाल ने 12 रन तक दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद सुंदीप जोरा ने 34 रन और रोहित पौडेल ने नाबाद 33 रन बनाकर टीम को संभाला। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 15 रन की पारी खेली।
अफगानिस्तान के लिए फरीदून दावूदजई, अब्दुल्लाह अहमदजई और अरब गुल ने एक-एक विकेट लिया।
राशिद, गुरबाज, ओमरजई को आराम
अफगानिस्तान की टीम में रेगुलर कप्तान राशिद खान, रहमानुल्लाह गुरबाज और अजमतुल्लाह ओमरजई जैसे सीनियर खिलाड़ियों को शामिल नहीं किया गया था। तीनों को आराम दिया गया था।