देश की दूसरी सबसे बड़ी IT सर्विसेज कंपनी इंफोसिस ने दूसरी तिमाही में ₹49,244 करोड़ का रेवेन्यू किया है। ये पिछले साल इसी समय हुए ₹44,490 करोड़ के रेवेन्यू से 11% ज्यादा है।
कमाई बढ़ने के साथ ही कंपनी का मुनाफा भी 6% बढ़ा है। इस तिमाही में इंफोसिस को ₹7,823 करोड़ का मुनाफा हुआ है, जो बीते साल इसी अवधि में ₹7,364 करोड़ रहा था।
इंफोसिस के रेवेन्यू में मजबूती का मुख्य कारण 5.2 बिलियन डॉलर यानी करीब 50 हजार करोड़ रुपए की रिकॉर्ड बड़ी डील्स का मिलना है। इसमें 62% नए बिजनेस से आए और एक 2 बिलियन डॉलर यानी करीब 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की मेगा-डील शामिल है।
इसके साथ ही रेवेन्यू बढ़ने की वजह AI सर्विसेज की मांग में आया 29% का बड़ा उछाल है। इससे कंपनी की कुल कमाई में AI का योगदान बढ़कर 10.5% हो गया है।