इंडोनेशिया में विरोध प्रदर्शन, 250 से ज्यादा लोग गिरफ्तार

जकार्ता| इंडोनेशिया पुलिस ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रपति जोको विडोडो को दूसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से चुने जाने के खिलाफ देश की राजधानी में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों को लेकर कम से कम 257 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एफे न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार रात शुरू हुए दंगों में कम से कम छह लोग मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए।

पुलिस और हारने वाले उम्मीदवार सेना के पूर्व जनरल प्राबोवो सुबिआंतो के सैकड़ों अनुयायियों के बीच हुए संघर्ष ने दो दिन तक राजधानी जकार्ता को पंगु बना दिया।

चुनाव पर्यवेक्षी एजेंसी के मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों के बाहर प्रदर्शनकारियों ने बुधवार रात को पुलिस पर पत्थर और अन्य वस्तुएं फेंकी। पुलिस ने आंसू गैस, रबर की गोलियों और कुछ गिरफ्तारियों के साथ जवाब दिया।

जकार्ता पुलिस के प्रवक्ता पराबोवो आरगो यूवानो ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तारियां सार्वजनिक संपत्ति को नष्ट करने और हिंसा भड़काने के संबंध में की गईं हैं।

इंडोनेशिया के चुनाव आयोग ने मंगलवार को अप्रैल 17 को हुए मतदान में जोको को 55.5 प्रतिशत मतों के साथ विजयी घोषित किया। उनके प्रतिद्वंद्वी प्राबोवो को 44.5 प्रतिशत मतों के साथ हार का सामना करना पड़ा।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *