जयपुर। चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल सीजन 12 में गुरुवार को राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से शिकस्त दी है। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 151/7 का स्कोर बनाया। चेन्नई ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की। इस जीत के साथ महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में 100 मैच जीतने वाले पहले कप्तान बन गए हैं।
उन्होंने 95 मैच चेन्नई सुपर किंग्स और 5 राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स की ओर से जीते। उन्होंने आईपीएल में 166 मैच में कप्तानी की है। दूसरे नंबर पर गौतम गंभीर हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान गंभीर ने 129 मैच में से 71 में जीत दर्ज की थी।
राजस्थान के घरेलू मैदान पर चेननई की शुरुआत बेहद खराब रही। उसने 24 रन तक 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अंबाती रायडू और धोनी ने पांचवे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। रायडू 57 रन बनाकर 18वें ओवर में आउट हुए। आखिरी दो ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 30 रन बनाने थे। चेन्नई ने 19वें ओवर में 12 रन बनाए।
मैच के आखिरी ओवर में काफी ड्रामा देखने को मिला। इसमें चेन्नई को 18 रन चाहिए थे। जडेजा ने स्टोक्स की पहली गेंद पर छक्का जमाया। तीसरी गेंद पर धोनी बोल्ड हो गए। सैंटनर ने आखिरी गेंद पर छक्का जमाकर चेन्नई को जीत दिला दी।
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 151/17 का स्कोर बनाया। राजस्थान रॉयल्स ने 100 रन 14.2 ओवर में पूरे किए। रवींद्र जडेजा आईपीएल में 100 विकेट लेने वाले पहले लेफ्ट आर्म स्पिनर बन गए हैं। जडेजा ने स्टीव स्मिथ को आउट करते ही यह उपलब्धि हासिल की।