राहुल गांधी ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान किया है. उन्होंने लोगों से संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की है. इस मार्च में INDIA ब्लॉक के कई नेताओं के शामिल होने की संभावना है.
दिल्ली में शनिवार को हुए प्रदर्शन पर लाठीचार्ज के आरोपों के बाद कांग्रेस ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान किया है. राहुल गांधी ने इस मार्च को किसी एक पार्टी का प्रदर्शन बनाने के बजाय देश के नागरिकों की आवाज बनाने की अपील की है. उनका कहना है कि पार्टी, जाति, धर्म, लिंग और राज्य की पहचान से ऊपर उठकर लोग भारतीय नागरिक के तौर पर मार्च में शामिल हों. विपक्ष इस दौरान मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपकर वोट चोरी के आरोपों, SIR पर रोक और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेगा. हालांकि, CJI सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के नेताओं से मिलने से इनकार कर दिया है.