भारत के घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का नया सीजन आज से शुरू हो गया। शनिवार को 19 मैच हुए। वैभव सूर्यवंशी ने टी-20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे युवा कप्तान होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है।
वहीं, भारतीय टीम से बाहर चल रहे पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ 15 बॉल पर हाफ सेंचुरी जमा दी है।
बिहार-सौराष्ट्र मैच में बना सूर्यवंशी का रिकॉर्ड
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में बिहार और सौराष्ट्र के बीच मैच खेला गया। वैभव ने 15 साल 232 दिन की उम्र में बिहार की कप्तानी की। इसके साथ ही वे इस फॉर्मेट में अब तक के सबसे युवा कप्तान बन गए।
इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रोएशिया के जैक वुकुसिक के नाम था। उन्होंने 7 अगस्त 2025 को साइप्रस के खिलाफ 17 साल 311 दिन की उम्र में अपनी टीम की कप्तानी की थी।
सौराष्ट्र ने बिहार को 5 विकेट से हराया
सौराष्ट्र ने बिहार को 5 विकेट से हरा दिया। बिहार की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 137 रन ही बना सकी। सूर्यवंशी ने 12 गेंदों पर 18 रन बनाए। सौराष्ट्र ने 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
सूर्यकुमार ने हैदराबाद के खिलाफ जमाई हाफ सेंचुरी
भारत के पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कोलकाता में हैदराबाद के खिलाफ मैच में 15 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। उनकी नाबाद 60 रन की पारी की मदद से मुंबई ने हैदराबाद को 7 विकेट से हरा दिया। मुंबई ने 173 रन का लक्ष्य 13.1 ओवर में हासिल कर लिया।