सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बिना पटाखे चलाए दिवाली मनाने को लेकर सुझाव दिया। कोर्ट ने कहा कि विराट कोहली जैसी मशहूर शख्सियतों की मदद से लोगों को जागरूक किया जा सकता है।
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण मामले की सुनवाई कर रही थी।
जस्टिस वराले ने कहा, ‘जनता को जागरूक करने के लिए अच्छे खिलाड़ियों या जीवन के किसी भी क्षेत्र में सम्मानित लोगों की सेवाएं क्यों नहीं ली जा सकतीं?’
कोर्ट ने सुझाव दिया कि मशहूर हस्तियों से ऐसे वीडियो या मैसेज रिकॉर्ड कराए जा सकते हैं, जिनमें वे लोगों से प्रदूषण बढ़ाए बिना दिवाली मनाने की अपील करें।