अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फिल्म ‘वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ अपनी रिलीज से ठीक पहले कानूनी विवाद में फंस गई है। गायक और वोकलिस्ट सरगम वैश ने फिल्म के मेकर्स पर बिना अनुमति के ट्रेलर में उनका ओरिजिनल गाना ‘ऐगिरी नंदिनी’ इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
सरगम वैश ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करके फिल्म की टीम से ट्रेलर से अपना म्यूजिक तुरंत हटाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर उनकी लीगल टीम कानूनी रास्ता अपनाएगी। यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
सरगम वैश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो और पोस्ट शेयर करते हुए मेकर्स से सीधे सवाल किए हैं। उन्होंने लिखा कि जब उन्होंने ‘वन’ का ट्रेलर देखा, तो पता चला कि उनका ओरिजिनल गाना बिना उनकी सहमति या अनुमति के इसमें इस्तेमाल किया गया है।
सरगम का कहना है कि उन्होंने फिल्म के ट्रेलर या प्रमोशन के लिए अपने गाने के इस्तेमाल की कोई मंजूरी नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार के काम का सम्मान होना चाहिए और बिना इजाजत किसी का कंटेंट इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।