वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का पहला गेम ड्रॉ:गुकेश ने काले मोहरों से सिंदारोव को रोका; दूसरे गेम में सफेद मोहरों से खेलेंगे

स्विट्जरलैंड के जेनेवा में चल रही FIDE वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का पहला गेम मंगलवार को ड्रॉ रहा। भारत के डिफेंडिंग चैंपियन डी गुकेश ने काले मोहरों से खेलते हुए उज्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को बराबरी पर रोक दिया।

शुरुआत में थोड़े दबाव में रहने के बाद गुकेश ने घड़ी में कम समय बचने के बावजूद सटीक चालें चलीं और गेम ड्रॉ करा लिया। दोनों खिलाड़ियों को 0.5-0.5 अंक मिले। अब दूसरे गेम में गुकेश सफेद मोहरों से खेलेंगे।

सिंदारोव सफेद मोहरों से खेल रहे थे। शुरुआत में उनके मोहरे बेहतर स्थिति में थे, इसलिए उन्हें थोड़ी बढ़त मिली। हालांकि, गुकेश ने काले मोहरों से अच्छी चालें चलकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।

इसके बाद दोनों खिलाड़ियों की रानियां बोर्ड से हट गईं। खेल के इस दौर में गुकेश ने कुछ अच्छी चालें चलकर अपनी स्थिति संभाल ली। सिंदारोव ने बढ़त बनाने के लिए एक प्यादा भी कुर्बान किया, लेकिन घड़ी में समय कम होने के बावजूद गुकेश ने सही चालें चलीं।

एक समय गुकेश के पास बढ़त बनाने का मौका नजर आया, लेकिन सिंदारोव ने लगातार ऐसी चालें चलीं, जिनसे बोर्ड पर स्थिति दोहराई जाने लगी। PTI के मुताबिक, ड्रॉ पर सहमति बनने से पहले एक ही स्थिति पांच बार दोहराई गई। आमतौर पर एक ही स्थिति तीन बार दोहराए जाने पर खिलाड़ी ड्रॉ का दावा कर सकते हैं।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *