पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बुधवार को बैठक हुई। बैठक में पांच बड़े फैसले लिए गए।
असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनेगा। इसके लिए सरकार ने 2014 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। यह एयरपोर्ट बांग्लादेश बॉर्डर से करीब 20 किमी दूर है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश में सड़कें, पुल और सुरंगें बनाने का काम बढ़ने से बुलडोजर, क्रेन और बड़ी मशीनों की मांग बढ़ रही है। अभी भारत में इनकी आधी से ज्यादा जरूरत विदेशों से पूरी होती है।
सरकार अब 11 हजार करोड़ रुपए खर्च कर अगले 8 साल में इन मशीनों और इनके पार्ट्स को देश में ही बनाने को बढ़ावा देगी। इसके लिए JCB जैसी कंपनियों के साथ छोटे पार्ट्स बनाने वाली कंपनियों को भी आर्थिक मदद मिलेगी।
मशीनों की जांच के लिए अलग सेंटर बनाया जाएगा, जिसके लिए ARAI को 375 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। वैष्णव के मुताबिक, सुरंग खोदने जैसी एक बड़ी मशीन बनाने में 500-600 कंपनियों के पार्ट्स लग सकते हैं।