ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट के ग्रुप CEO कल्याण कृष्णमूर्ति ने करीब 9 साल बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पेरेंट कंपनी वॉलमार्ट के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट और CEO क्रिस निकोलस ने इसकी पुष्टि की, लेकिन इस्तीफे की वजह नहीं बताई।
यह बदलाव ऐसे वक्त में आया है जब ₹3.51 लाख करोड़ की कंपनी फ्लिपकार्ट के शेयर बाजार में आने (IPO) को लेकर तस्वीर साफ नहीं है और वॉलमार्ट ने भी कह दिया है कि उसे अभी कंपनी को बाजार में उतारने की कोई जल्दबाजी नहीं है।
2017 में CEO बने, वॉलमार्ट डील के बाद भी कायम रहा पद
फ्लिपकार्ट के शुरुआती निवेशकों में शामिल ‘टाइगर ग्लोबल’ से जुड़े रहे कल्याण कृष्णमूर्ति जनवरी 2017 में कंपनी के CEO बने थे और 2018 में ग्रुप CEO बन गए।
उस दौर में संस्थापक सचिन और बिन्नी बंसल कामकाज की कमान छोड़ रहे थे। बाद में 2018 में वॉलमार्ट ने करीब $16 बिलियन (तब लगभग ₹1.07 लाख करोड़) में 77% हिस्सेदारी खरीदी, लेकिन कृष्णमूर्ति का पद बना रहा।
IPO टलने से सस्पेंस, वॉलमार्ट का फोकस लंबी ग्रोथ पर
$38 बिलियन से ज्यादा वैल्यूएशन वाली फ्लिपकार्ट ने शेयर बाजार में आने के लिए मार्च में अपना मुख्य दफ्तर सिंगापुर से भारत शिफ्ट किया था।
हालांकि, वॉलमार्ट ने फिलहाल IPO प्लान आगे बढ़ा दिया है, जिसकी कोई तय तारीख भी नहीं बताई गई है।
वॉलमार्ट के मुताबिक, मजबूत आर्थिक स्थिति के चलते वह अभी तुरंत लिस्टिंग के बजाय कंपनी की लंबी ग्रोथ पर ध्यान दे रही है।