पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंग्लैंड दौरे पर मौजूद खिलाड़ियों के अनुशासन और व्यवहार को लेकर इंटरनल जांच शुरू कर दी है। PCB प्रवक्ता आमिर मीर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मीडिया में आ रही खबरों को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान ने 7 खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया था। हेडकोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी हटा दिया गया था। उनकी जगह व्हाइट बॉल टीम के कोच माइक हेसन और एश्ले नॉफके को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।
इसके बाद से टीम का इंग्लैंड दौरा लगातार विवादों में है। इससे पहले यह खबर आई थी कि पाकिस्तान ने सभी खिलाड़ियों के फोन भी जब्त कर लिए हैं।
एंटी-करप्शन एंगल की बात अभी सामने नहीं आई
PCB के प्रवक्ता ने कहा- ‘इंग्लैंड दौरे पर मीडिया में हमारे खिलाड़ियों के अनुशासन और व्यवहार को लेकर आई खबरों को गंभीरता से लेते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इन सभी मामलों की अंदरूनी स्तर पर समीक्षा की जा रही है।’
सोशल मीडिया पर जारी आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया गया है कि यह केवल एक अनुशासनात्मक प्रक्रिया है। इसके जरिए खिलाड़ियों के आचरण और अनुशासन से जुड़े पहलुओं को जांचा जा रहा है। हालांकि मामले में किसी एंटी-करप्शन एंगल की बात अभी तक सामने नहीं आई है।