इजराइल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गादी आइजनकोट से मिलकर सरकार बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सभी बड़ी पार्टियों को एक साथ आना चाहिए।
हालांकि, आइजनकोट ने कुछ ही मिनट बाद नेतन्याहू का प्रस्ताव ठुकरा दिया। उन्होंने कहा;-
नेतन्याहू जानते हैं कि वे चुनाव हार चुके हैं। वे ऐसे समय बातचीत की अपील कर रहे हैं, जब बातचीत पहले से चल रही है। उनकी ये चालें मुझ पर काम नहीं करेंगी।
आइजनकोट इजराइल के पूर्व सेना प्रमुख हैं। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने पिछले हफ्ते उन्हें नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके लिए उन्हें 28 दिन का समय मिला है। जरूरत पड़ने पर 14 दिन और मिल सकते हैं।
नेतन्याहू बोले- ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करना जरूरी
नेतन्याहू ने शनिवार को वीडियो संदेश जारी कर कहा कि ईरान एक बार फिर अपना परमाणु कार्यक्रम शुरू करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान इजराइल को खत्म करना चाहता है और मौका मिलने पर उसके खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। इसलिए इजराइल को ईरान के परमाणु खतरे को हमेशा के लिए खत्म करना होगा।
नेतन्याहू ने कहा कि इस खतरे से निपटने के लिए देश में राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाना जरूरी है। छोटी सरकार या आतंकवाद समर्थक दलों के सहारे चलने वाली सरकार ऐसा नहीं कर पाएगी।