काजीरंगा सड़क हादसा: मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 9-9 लाख रुपये, सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने की घोषणा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को घोषणा की कि काजीरंगा में मिनीबस और ट्रक की टक्कर में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को नौ लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित दो लाख रुपये भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से दो लाख रुपये और प्रधानमंत्री की ओर से दो लाख रुपये दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर रंगाजन के पास मिनीबस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 26 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में कई कॉलेज के विद्यार्थी शामिल थे।

सरमा ने कहा कि कोई भी आर्थिक सहायता इस अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं कर सकती। उन्होंने अगले दो-तीन दिनों में सभी प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलने की बात कही। इस हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से सात की हालत गंभीर है और वे आइसीयू में भर्ती हैं।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *