पाकिस्तान क्रिकेट टीम से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कुछ खिलाड़ियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।
टेस्ट मैच खत्म होने तक ये फोन बोर्ड के कब्जे में ही रहेंगे। PCB ने अभी तक यह नहीं बताया है कि किन खिलाड़ियों के फोन लिए गए हैं और इस कार्रवाई की वजह क्या है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पाकिस्तान टीम पहले दो टेस्ट हारकर सीरीज में 0-2 से पीछे है और PCB ने टीम में बड़े बदलाव किए हैं। फोन कस्टडी में लिए जाने की खबर के बाद सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में इसके पीछे की वजह और संभावित जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी तक PCB या ICC ने इसे मैच फिक्सिंग या भ्रष्टाचार की जांच नहीं बताया है।
ICC नियमों में मैच के दौरान फोन पर पाबंदी
ICC के नियमों के तहत इंटरनेशनल मैच के दौरान खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को ड्रेसिंग रूम समेत निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्रों में मोबाइल फोन या दूसरे कम्युनिकेशन डिवाइस रखने या इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होती। खिलाड़ियों को ऐसे क्षेत्रों में प्रवेश से पहले अपने डिवाइस सुरक्षित जगह पर जमा कराने होते हैं।
हालांकि, मौजूदा मामला सामान्य मैच-दिवस की पाबंदी से अलग बताया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ियों के फोन PCB की कस्टडी में रहेंगे और उन्हें तीसरे टेस्ट के खत्म होने तक वापस नहीं किया जाएगा।