अदाणी को ‘240 Volt का झटका’, उनसे पहले वायर मार्केट में कूदा ये अरबपति; ₹1800 करोड़ से लॉन्च किया अल्ट्रावोल्ट

भारत के दिग्गज अरबपति और आदित्य बिड़ला ग्रुप के मालिक कुमार मंगलम बिड़ला एक नए बिजनेस में एंट्री कर चुके हैं। आदित्य बिड़ला ग्रुप भारत की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी के मालिक हैं, और उन्हें इस बिजनेस में अदाणी टक्कर दे रहे हैं। हालांकि, अभी अदाणी ग्रुप कमर्शियल प्रोडक्ट बनाने और उन्हें पूरी तरह से मार्केट में उतारने का काम अभी डेवलपमेंट स्टेज में है। उससे पहले ही आदित्य बिड़ला ग्रुप ने ‘अल्ट्रावोल्ट’ (Ultravolt) लॉन्च करके वायर और केबल मार्केट में एंट्री की है।

कंपनी ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि पिछले तीन सालों में यह उनका चौथा नया बिजनेस है। आदित्य बिड़ला ग्रुप ने सबसे पहले 25 फरवरी, 2025 को अपनी मुख्य कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट के जरिए वायर्स और केबल्स के बिजनेस में उतरने की घोषणा की थी।

1800 करोड़ रुपये के निवेश से शुरू किया अल्ट्रावोल्ट

आदित्य बिड़ला ग्रुप ने एक बयान में कहा कि 1800 करोड़ रुपये के निवेश के साथ, अल्ट्रावोल्ट क्षमता के मामले में वायर सेगमेंट की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन जाएगी। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के तहत आने वाला यह बिजनेस एक बड़ा नेशनल ब्रांड बनाने और 5 सालों के भीतर टॉप दो कंपनियों में से एक बनने का लक्ष्य रखता है।

अल्ट्रावोल्ट पर बात करते हुए, आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा- “तार और केबल भारत के विकास के अगले चरण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। ये भारतीय अर्थव्यवस्था के तीन बड़े ट्रेंड्स – शहरीकरण, इलेक्ट्रिफिकेशन और डिजिटाइजेशन – के केंद्र में हैं। अगले दशक में 100 मिलियन से ज़्यादा नए घर, एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार और डेटा सेंटर्स में तेजी से हो रही बढ़ोतरी इस कैटेगरी में तेज विकास को बढ़ावा देने वाले हैं। हमारी खास ताकत प्रोडक्ट, उसके मुख्य हिस्सों और उससे जुड़े इकोसिस्टम की गहरी समझ से आती है।”

इस तरह मार्केट में अपनी पकड़ बनाएगी कुमार मंगलम बिड़ला की कंपनी

Ultravolt की योजना शुरू में 500 से ज्यादा जिलों और 6,000 पिन कोड में अपनी मौजूदगी बनाने की है। इसका मकसद एक लाख से ज्यादा रिटेलर्स तक पहुंचना और 5,000 से ज्यादा UltraTech Building Solutions आउटलेट्स के जरिए प्रोडक्ट उपलब्ध कराना है।

Ultravolt के डायरेक्टर दिलीप गौर ने कहा, “हमारी अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी, 20 से ज्यादा वेयरहाउस का नेटवर्क, बड़े पैमाने पर चैनल कनेक्शन और साथ ही UltraTech के घर बनाने वालों, कॉन्ट्रैक्टर्स, रियल-एस्टेट डेवलपर्स और EPC कंपनियों के साथ गहरे संबंध और पूरे भारत में फैले डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से हमें आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत आधार मिलता है। हमारा मकसद क्वालिटी, टेक्नोलॉजी, सर्विस और चैनल पार्टनरशिप के जरिए बड़े पैमाने पर विकास करना है।”

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *