भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज को विश्व कप से पहले अहम माना जा रहा है. भारतीय टीम ने घर पर धुंआधार प्रदर्शन दिखाया है जबकि कंगारू टीम पहले दो मैच में बुरी तरह से पिट गई. सीरीज गंवाकर तीसरे मैच में सम्मान बचाने उतरी टीम के लिए बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया. मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्टीव स्मिथ ने वनडे क्रिकेट में खास मुकाम हासिल करते हुए महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया.
तीन मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और 7 विकेट पर 352 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. ओपनर डेविड वार्नर और मिचेल मार्श ने आतिशी शुरुआत करते हुए बड़े स्कोर की नींव रखी. मार्श महज 4 रन से दूसरे वनडे शतक से चूक गए. कंगारू टीम के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ने इस मैच में 74 रन की पारी खेली और वनडे में खास कीर्तिमान बनाया. मैच के दौरान महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज मैथ्यू हेडन को पीछे छोड़ा.
सचिन का रिकॉर्ड टूटा
ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में अर्धशतकीय पारी खेली और इस फॉर्मेट में 5 हजार का आंकड़ा छूआ. इस धुरंधर ने वनडे इंटरनेशनल में अपने ही देश के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को पीछे छोड़ा. 5 हजार वनडे रन पूरा करने के लिए स्मिथ ने 129 पारी खेली. हेडन ने 133 पारियों में यह कमाल किया था. वहीं भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को ऐसा करने में 138 पारी का वक्त लगा था. महान भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 135 पारियों में 5 हजार वनडे रन बनाए थे.
ऑस्ट्रेलिया का बड़ा स्कोर
भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में 399 रन खाने वाली टीम ने आखिरी वनडे में 352 रन का स्कोर खड़ा किया. टीम के टॉप चार बल्लेबाजों ने हाफ सेंचुरी ठोकी. मिचेल मार्श के बल्ले से सबसे ज्यादा 96 रन निकले. डेविड वार्नर ने 34 गेंद पर 56 रन की पारी खेली. स्टीव स्मिथ ने 74 रन बनाए तो मार्नस लाबुशेन के बल्ले से 72 रन की पारी निकली.