बंगाल ने जनगणना के पहले चरण का 100 प्रतिशत क्षेत्रीय कार्य 14 सितंबर की समयसीमा से पहले ही पूरा कर लिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शुभेंदु ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने इस काम को पूरा करने के लिए प्रशासनिक तंत्र की पूरी लगन, बारीकी से बनायी गई योजना और लगातार प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सभी जिलों, अनुमंडलों, प्रखंडों, नगर निगमों और नगरपालिकाओं में मकानों की गिनती का शत-प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि अनुमानित 3.69 करोड़ के मुकाबले अब तक 3.68 करोड़ (3,68,30,150) मकानों की गणना भी की जा चुकी है, जो अनुमानित परिवारों का करीब 99.7 प्रतिशत है।