
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने बुधवार को कहा,’भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारें मजहब के नाम देश को बांट रही है।’ अयोध्या में राममंदिर के निर्माण पर पवार ने कहा कि जैसे मंदिर के लिए ट्रस्ट बना, वैसे ही मस्जिद के लिए भी बनायें। देश सबका है और सरकार सबकी, सभी मजहब वालों की है। पवार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे।
राकांपा प्रमुख ने आगे कहा,’भाजपा एक के बाद राज्यों में चुनाव हारती गई, चाहे मध्य प्रदेश हो, राजस्थान हो या दिल्ली। दिल्ली में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी जुटे। भाजपा नेताओं की डयूटी लगायी गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री लगाये गए।’
पवार ने आगे कहा,’आज किसान आत्महत्या करने पर मजबूत हो रहे हैं। खाद और तेल के दाम बढ़ रहे हैं। बैंकों और साहूकारों का पैसा वापस नहीं कर पाने की स्थिति में बेइज्जती से बचने के लिए कभी कभी किसान आत्महत्या कर लेते हैं। यह देश का दुर्भाग्य है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में हर क्षेत्र में बेरोजगारी बढी। बेरोजगारी रहेगी तो मुल्क में शांति कैसे रहेगी। आज का नौजवान रोजी रोटी के लिए दूसरे राज्यों का रूख करता है। ये स्थिति ठीक नहीं है। सरकार जवाब दे कि बेरोजगारी कैसे जाएगी।’