अपने समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं के बल पर कुछ सालों में देश भर में बड़े-बड़े अभियान चलाने वाली भाजपा को अब एक अजीब सी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। 2024 का लोकसभा चुनाव नजदीक है। इस चुनाव के मद्देनजर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए भाजपा 30 मई से 30 जून के बीच देशभर में विशेष जनसंपर्क अभियान चला रही है। पार्टी अध्यक्ष नड्डा ने स्वयं पिछले महीने पार्टी सांसदों के साथ बैठक कर उन्हें सीधे जनता से मोदी सरकार के कामकाज का फीडबैक लेकर पार्टी आलाकमान तक पहुंचाने का निर्देश दिया था। लेकिन बताया जा रहा है कि भाजपा के कई सांसद न तो पार्टी के अभियान को गंभीरता से ले रहे हैं और न ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के निर्देश को।