मुंबई स्थित अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसके बावजूद बिग बी ने रविवार को अपनी सालों पुरानी परंपरा निभाते हुए घर के बाहर जमा फैंस का अभिवादन किया। इस दौरान बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ नजर आए। पुलिस की मौजूदगी और बैरिकेडिंग के बीच फैंस से उनकी मुलाकात चर्चा में रही।
धमकी के बाद ‘जलसा’ के बाहर पुलिस का पहरा
अमिताभ बच्चन हर रविवार अपने बंगले ‘जलसा’ के बाहर आकर फैंस का अभिवादन करते हैं। इस परंपरा को ‘संडे दर्शन’ कहा जाता है। 25 अक्टूबर को भी उन्होंने यह सिलसिला जारी रखा, लेकिन इस बार बंगले के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे।
हाल ही में अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी। रविवार को जलसा के बाहर बड़ी संख्या में फैंस अपने पसंदीदा अभिनेता की झलक पाने पहुंचे थे। पुलिसकर्मी बैरिकेड्स के पास तैनात रहे और भीड़ पर नजर रखते दिखाई दिए।