दिल्ली गैंगरेप केस- पीड़ित और आरोपियों के फिंगरप्रिंट मिले:ड्राइवर-कंडक्टर के कपड़े भी जब्त; चलती बस में 16 साल की छात्रा से रेप का आरोप

दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस को फोरेंसिक जांच में अहम सबूत मिले हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बस से छात्रा और दोनों आरोपियों के फिंगरप्रिंट मिले हैं। बस की सीटों और स्टीयरिंग व्हील से भी फोरेंसिक सैंपल लिए गए हैं।

ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप के कपड़े भी पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस अब DNA रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी है। दोनों आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस भी जब्त की गई है।

मामला 4 अगस्त की रात का है। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 11वीं की छात्रा ग्रेटर नोएडा के परी चौक से बस में बैठी थी। करीब 47 किलोमीटर बाद उसे कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर छोड़ दिया गया था। छात्रा ने बाद में पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। 31 अगस्त को घटना सामने आई।

घर में झगड़े के बाद निकली थी छात्रा

पुलिस के मुताबिक, छात्रा परिवार में झगड़े के बाद बिना बताए नोएडा में रहने वाले अपने कजिन के घर जाने के लिए निकली थी। मैनपुरी से निकलने के बाद वह बारिश और अंधेरे के बीच परी चौक पर उतर गई। यहां नोएडा जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी।

छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बस में बैठा लिया और बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बस चलने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की।

बस के अंदर दोनों ने किया रेप

छात्रा ने पुलिस को बताया कि ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। बस के शीशों पर पर्दे लगे थे, जिससे अंदर की गतिविधियां बाहर से दिखाई नहीं देती थीं।

आरोप है कि दोनों ने देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए। इसके बाद छात्रा ने रात में ही कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *