तीन राज्यों की पांच विधानसभा और नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 6 अक्टूबर को होगी वोटिंग

निर्वाचन आयोग ने सोमवार को तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने की घोषणा की। इसमें बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा रिक्त की गई नंदीग्राम सीट भी शामिल है।

शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखने का निर्णय किया था, जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों के साथ ही असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र में भी छह अक्टूबर को उप चुनाव होंगे, जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।

नगांव सीट प्रद्युत बारदोलोई ने रिक्त की थी। उन्होंने 2024 में कांग्रेस के टिकट पर इस लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी। वह भाजपा में शामिल हो गए और हाल में हुए विधानसभा चुनाव में दिसपुर से विजयी हुए।

शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई में भाजपा ने बंगाल में पहली बार सरकार बनाई है। उन्होंने अप्रैल में हुए विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम और भवानीपुर दो सीटों से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर में 15,105 मतों के अंतर से हराया और बाद में नंदीग्राम सीट छोड़ दी। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम में भी बनर्जी को हराया था।

बंगाल की एक और सीट, जिस पर उप चुनाव होने वाला है वह है रेजीनगर। यह सीट आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी। कबीर तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता हैं। पार्टी से निकाले जाने के बाद उन्होंने एजेयूपी का गठन किया। 2026 के विधानसभा चुनाव में रेजीनगर और नाओदा, दो सीट पर जीत हासिल की थी।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *