ऑस्ट्रेलिया ने डरबन टेस्ट के तीसरे दिन साउथ अफ्रीका को पहली पारी में 284 रन पर समेट दिया। कप्तान पैट कमिंस ने 3 और मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट लिए। जोश हेजलवुड और नाथन लायन को भी 2-2 विकेट मिले।
ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 390 रन बनाए थे, जिसके आधार पर उसे पहली पारी में 106 रन की बढ़त मिली। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 33 रन बना लिए। उसकी कुल बढ़त 139 रन हो गई।
साउथ अफ्रीका ने तीसरे दिन की शुरुआत एक विकेट पर 27 रन से की। एडेन मार्करम ने 37 और डेविड बेडिंघम ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। कमिंस ने बेडिंघम को आउट कर 84 रन की साझेदारी तोड़ी। इसके बाद उन्होंने वियान मुल्डर (34) और ट्रिस्टन स्टब्स (33) को भी पवेलियन भेजा।
स्टीव स्मिथ ने स्लिप में कप्तान टेम्बा बावुमा और काइल वेरेने के कैच पकड़े। हेजलवुड ने मार्को यानसन को पवेलियन भेजा। साउथ अफ्रीका ने 197 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद केशव महाराज और साइमन हार्मर ने नौवें विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। महाराज ने 34 रन बनाए, जबकि हार्मर 35 रन बनाकर नाबाद रहे। साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 284 रन पर ऑलआउट हो गई।