पूर्व भारतीय ओपनर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि बेखौफ अंदाज में क्रिकेट खेलने वाला यह युवा बल्लेबाज सही मार्गदर्शन मिलने पर वर्ल्ड क्रिकेट का सुपरस्टार बन सकता है। श्रीकांत ने यह भी बताया कि वैभव की बल्लेबाजी का असर ऐसा है कि उनकी पत्नी भी दलीप ट्रॉफी देखने लगी हैं।
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अगर वैभव को सही तरीके से तैयार किया गया, तो वे विश्व क्रिकेट में बड़ा नाम बन सकते हैं।
श्रीकांत बोले- वैभव को हतोत्साहित नहीं करना चाहिए
श्रीकांत ने कहा, ‘वे शानदार खेल रहा है। उसे प्रोत्साहित करना चाहिए और कभी हतोत्साहित नहीं करना चाहिए। अगर उसे सही तरीके से तैयार किया गया, तो वह सुपरस्टार बनने की राह पर है। वे टेस्ट क्रिकेट को फिर उसके गौरव तक पहुंचाएगा।’
श्रीकांत ने आगे कहा, सूर्यवंशी की वजह से लोग दलीप ट्रॉफी जैसे घरेलू टूर्नामेंट को भी देखने लगे। यहां तक कि मेरी पत्नी भी उसकी वजह से दलीप ट्रॉफी देख रही थीं।
दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में 81 गेंदों पर 92 रन बनाए
वैभव ने सेंट्रल जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में 81 गेंदों पर 92 रनों की आक्रामक पारी खेली। दूसरी पारी में भी उन्होंने 40 रन बनाए। ईस्ट जोन ने यह मुकाबला चार विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
इस मैच के दौरान वैभव ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। वे दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए।