उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता से मिले अखिलेश, कहा-भाजपा सरकार जिम्मेदार


उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता को देखने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा और कहा कि पीड़िता और उसके परिवार की इस दशा के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। अखिलेश यादव ने कहा कि उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता का सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इसने देश की महिलाओं को झकझोर कर रख दिया है।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “सरकार कानून व्यवस्था में सुधार का दावा कर रही है, लेकिन अपराध बढ़ते ही जा रहे हैं। पीड़िता के पिता को मार दिया गया। उसके चाचा को जेल में डाल दिया गया, लेकिन सरकार विधायक पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इन सबके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।”

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा नेताओं के निर्देश पर उसके पिता को पुलिस ने पीटा था, खुद को जलाने के प्रयास के बाद एफआईआर दर्ज हुई थी। यह स्वाभाविक है कि जनता अब सरकार और भाजपा विधायक पर सवाल उठा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा, “सोनभद्र वाली घटना में सरकार कह रही है नेहरू जी पीछे थे और अब कह रही है समाजवादी पार्टी का ट्रक था। ट्रक के मालिक को सपा नेता का बता रहे हैं। उप्र के जेलों का हाल सब जानते हैं, कैसे-कैसे वीडियो वायरल हो रहे हैं। अब तो जेल से ही अपराध संचालित हो रहा है। बाहर छोटे लोगों को मारकर पुलिस अपनी पीठ ठोक रही है।”

अखिलेश यादव ट्रॉमा सेंटर में धरने पर बैठे उन्नाव दुष्कर्म कांड पीड़िता के परिवार के लोगों से भी मिले। इस दौरान सभी को उनके परिवार के साथ होने का आश्वासन भी दिया। सपा मुखिया ने कहा कि वह संसद से सड़क तक इनकी लड़ाई लड़ेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “अब तो पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए। पीड़ित परिवार की सभी मांगें मानी जाएं। भाजपा वाले जो कहेंगे पुलिस वही करेगी, इसलिए सिटिंग जज के अधीन कमेटी बनाकर पूरे मामले की जांच कराई जाए। केजीएमयू के डॉक्टर अच्छे हैं। यहां बेहतर इलाज मिलेगा।”

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ट्रॉमा सेंटर के सीसीयू में भर्ती उन्नाव दुष्कर्म कांड पीड़िता का हाल जानने पहुंचे थे। उनके साथ पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी भी थे। इससे पहले, सोमवार को अखिलेश के निर्देश पर समाजवादी पार्टी की तीन महिला नेताओं ने पीड़िता और उनके परिवार के लोगों का हाल-चाल लिया था।

उन्नाव दुष्कर्म कांड पीड़िता रविवार को रायबरेली में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पीड़िता की चाची तथा मौसी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पीड़िता के साथ गंभीर रूप से घायल वकील महेंद्र सिंह का भी ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *