IPL ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होगा:इसी दिन भारत और श्रीलंका मैच; 15 नवंबर तक टीमें तय करेंगी किसे रखना है

IPL 2027 सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी। इससे पहले सभी 10 टीमों को 15 नवंबर तक बताना होगा कि वे अपने मौजूदा खिलाड़ियों में से किन्हें साथ बनाए रखना चाहती हैं।

16 दिसंबर को ही भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे बेंगलुरु में खेला जाना है। श्रीलंका की टीम 13 दिसंबर से भारत के दौरे पर रहेगी। इसमें 3 वनडे और 3 टी-20 खेले जाएंगे।

पिछली तीन नीलामियां भारत से बाहर हुई थीं। 2024 में दुबई, 2025 के लिए सऊदी अरब के जेद्दा और 2026 में अबू धाबी में ऑक्शन हुआ था।

नीलामी में हर टीम के मालिकों और अधिकारियों के अलावा कोचिंग स्टाफ शामिल होता है। इतने लोगों के लिए विदेश यात्रा, होटल, परिवहन और दूसरे इंतजाम करना खर्चीला होने के साथ-साथ जटिल भी होता है। इसीलिए इस बार का ऑक्शन भारत में हो रहा है।

15 नवंबर की डेडलाइन के बाद क्या होगा?

खिलाड़ियों को बनाए रखने की समय-सीमा खत्म होने के बाद IPL सभी फ्रेंचाइजियों को नीलामी में उपलब्ध खिलाड़ियों की लिस्ट भेजेगा। टीमें इस सूची में से उन खिलाड़ियों को चुनेंगी जिन पर वे बोली लगाना चाहती हैं। इसके बाद अंतिम सूची तैयार होगी और नीलामी से पहले खिलाड़ियों के अलग-अलग सेटों में आने का क्रम भी बताया जाएगा।

इस प्रक्रिया का मतलब है कि नीलामी के दिन ही टीमें पहली बार खिलाड़ियों के नाम नहीं देखेंगी। वे पहले से अपनी जरूरतों का आकलन करेंगी। जैसे किसी टीम को तेज गेंदबाज चाहिए, किसी को बीच के ओवरों में विकेट लेने वाला स्पिनर और किसी को दबाव में तेजी से रन बनाने वाला बल्लेबाज। इसके बाद तय बजट के हिसाब से खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी।

इसीलिए BCCI ने ऑक्शन और रिटेंशन के बीच में एक महीने का गैप रखा है।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *