दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ 47 रन से हार का सामनाक करना पड़ा. दिल्ली के कार्यवाहक कप्तान अक्षर पटेल इस हार से बेहद निराश नजर आए. अक्षर पटेल ने हार के बाद कहा कि उन्हें विरोधी टीम को 150 रन तक रोकना चाहिए था लेकिन उन्हें कैच छोड़ने का खामियाजा भुगतना पड़ा.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम 19.1 ओवर में 140 रन पर सिमट गई. कप्तान अक्षर पटेल ने काफी संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. उन्होंने आउट होने से पहले 39 गेंद में 57 रन बनाए.
इससे पहले आरसीबी ने नौ विकेट पर 187 रन बनाए. उसकी ओर से रजत पाटीदार ने सबसे अधिक 52 रन (32 गेंद) बनाए. उन्हें विल जैक्स (29 गेंद में 41 रन) का अच्छा साथ मिला. पाटीदार और विल जैक्स ने तीसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी की. इसमें दिल्ली की खराब फील्डिंग का भी योगदान रहा. दिल्ली के फील्डरों ने रजत पाटीदार और विल जैक्स दोनों के कैच टपकाए.