भारत में होने वाले आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप को देखने का मन बना रहे हैं तो बीसीसीआई ने आपके लिए खुशी की खबर दी है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड की तरफ से बुधवार को एक खास घोषणा की गई. बोर्ड अगले फेज के लिए तकरीबन 4 लाख टिकटों की बिक्री करने जा रहा है. भारत में इस साल अक्टूबर नवंबर में आईसीसी वर्ल्ड कप खेला जाना है. 5 अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच इसका आयोजन किया जाना है.
विश्व कप मुकाबलों के टिकटों की भारी मांग को देखते हुए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट के लगभग चार लाख टिकट जारी करेगा. बीसीसीआई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इन चार लाख टिकटों में भारत के मैचों के कितने प्रतिशत टिकट होंगे.
अधिक से अधिक प्रशंसकों तक टिकटों की पहुंच बनाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है. विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमी अब साल की सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर सकते हैं।’’
इसके अनुसार, ‘‘आठ सितंबर 2023 को भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से सभी मैचों के टिकटों की बिक्री शुरू होगी. प्रशंसक आधिकारिक वेबसाइट https://tickets.cricketworldcup.com पर जाकर टिकट खरीद सकते हैं. समय आने पर प्रशंसकों को टिकटों की बिक्री के अगले चरण की जानकारी दी जाएगी.’’
भारत की विश्व कप टीम घोषित
चयनकर्ताओं ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. 5 सितंबर को मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने मीडिया को विश्व कप में चुनी गई टीम के बारे में जानकारी दी. भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मुकाबला खेलेगी.