Ashes: 24 बॉल में पलट गया मैच, सीरीज 2-2 से बराबर, दिग्गज ने आखिरी 2 विकेट लेकर जीता मैच, क्रिकेट को कहा अलविदा

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने एशेज सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में जीत हासिल करने के साथ ही सीरीज को 2-2 से बराबर कर लिया. मैच के आखिरी दिन 384 के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 334 रन पर ऑलआउट हो गई. अपना आखिरी मैच खेल रहे स्टुअर्ट ब्रॉड ने आखिरी दो विकेट लेकर टीम को जीत के दरवाजे तक पहुंचाया. इंग्लैंड ने पहली पारी में 283 और दूसरी पारी में 395 रन बनाए थे. कंगारू टीम पहली पारी में 295 रन पर सिमट गई थी.

क्रिस वोक्स (50 रन पर चार विकेट) और मोईन अली (76 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी से इंग्लैंड ने पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के वर्षा से प्रभावित अंतिम दिन ऑस्ट्रेलिया को 49 रन से हराकर पांच मैचों की एशेज श्रृंखला 2-2 से बराबर कर दी. ऑस्ट्रेलिया ने हालांकि एशेज श्रृंखला अपने पास बरकरार रखी. इंग्लैंड के 384 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 334 रन पर सिमट गई.

उस्मान ख्वाजा (72) और डेविड वार्नर (60) ने पहले विकेट के लिए 140 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया को शानदार शुरुआत दिलाई थी लेकिन सुबह के सत्र में वोक्स ने इन दोनों को आउट करके इंग्लैंड को वापसी दिलाई. मोईन ने उनका अच्छा साथ दिया जबकि स्टुअर्ट ब्रॉड (62 रन पर दो विकेट) ने अंतिम दो विकेट चटकाकर इंग्लैंड की जीत सुनिश्चित की.

वोक्स ने सुबह के सत्र में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 169 रन किया जिसके बाद स्टीव स्मिथ (54) ने मैच का अपना दूसरा अर्धशतक जड़ने के अलावा ट्रेविस हेड (43) के साथ चौथे विकेट के लिए 95 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया को मैच में वापसी कराई.

बारिश के कारण लंच और चाय के बीच का खेल नहीं हो सका. अंतिम सत्र में खेल शुरू होने पर मोईन ने हेड को स्लिप में जो रूट के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा. अगले ओवर में वोक्स ने स्मिथ को भी दूसरी स्लिप में जैक क्राउली के हाथों कैच करा दिया. मोईन ने अगले ओवर में मिशेल मार्श (06) को विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया जबकि वोक्स ने मिशेल स्टार्क (09) की पारी का अंत किया. कप्तान पैट कमिंस (09) मोईन का तीसरा शिकार बने जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 264 रन से आठ विकेट पर 294 रन हो गया.

ब्रॉड ने झटके आखिरी दो विकेट

एलेक्स कैरी (28) और टॉड मर्फी (18) ने 35 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया की उम्मीद जगाई। अपना अंतिम टेस्ट खेल रहे स्टुअर्ट ब्रॉड ने मर्फी को बेयरस्टो के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा. ऑस्ट्रेलिया को अब जीत के लिए 55 रन की जरूरत थी और उसका सिर्फ एक विकेट बचा था. ब्रॉड ने कैरी को बेयरस्टो के हाथों कैच कराके इंग्लैंड की जीत सुनिश्चित की.

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *