पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट रविवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद वापस पुणे लौट आई। विमान का लैंडिंग गियर ऊपर नहीं जा सका था और बाहर ही रह गया।
पायलट ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी। इसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत 192 लोग सवार थे।
सभी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया।
रनवे के ऊपर से गुजारा विमान, फिर सुरक्षित उतारा
लैंडिंग से पहले विमान को रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि देखा जा सके कि उसका लैंडिंग गियर ठीक से खुला है या नहीं। इसके बाद सुबह 9:04 बजे विमान को पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।
लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 पर ले जाया गया। जांच में विमान की स्थिति सुरक्षित मिलने के बाद सुबह 9:10 बजे इमरजेंसी हटा दी गई। इसके बाद विमान में एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यात्रियों को गुवाहाटी भेजने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित हैं। किसी को चोट नहीं आई। इंडिगो अब यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से दूसरा विमान पुणे भेजने की तैयारी कर रही थी।
लैंडिंग गियर: विमान के पहिए, जिनसे वह रनवे पर उतरता है
लैंडिंग गियर विमान के पहिए और उन्हें संभालने वाले हिस्से को कहते हैं। इन्हीं पहियों की मदद से विमान रनवे पर उतरता है और जमीन पर चलता है।
उड़ान भरने के बाद ये पहिए विमान के अंदर चले जाते हैं, ताकि हवा में उड़ते समय रुकावट न हो। उतरने से पहले इन्हें फिर बाहर निकाला जाता है।