यमन में हूती विद्रोहियों के सामने सरकार की सेना कमजोर पड़ रही है। रॉयटर्स के मुताबिक सेना ने रविवार को धुबाब एयरपोर्ट के पास के इलाके से अपनी टुकड़ियां हटा लीं। यह बाब अल-मंदेब स्ट्रेट के बेहद करीब है। इसका इस्तेमाल सैन्य गतिविधियों के लिए होता था।
इस इलाके में अब हूतियों का नियंत्रण हो गया है। यमन की सरकार ने हूतियों को यहां से हटाने के लिए दूसरे देशों से मदद मांगी है।
सेना को अदन और आसपास के दक्षिणी इलाकों की ओर भेजा जा रहा है। यह कदम अदन और पड़ोसी इलाकों की सुरक्षा के लिए उठाया गया है।
बाब अल-मंदेब को हूतियों से आजाद कराने की अपील
यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार की सेना के प्रवक्ता कर्नल माजिद अल-नुजैली ने दूसरे देशों से मदद की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि बाब अल-मंदेब और यमन के पश्चिमी तट को हूतियों से आजाद कराना यमनी सेना का अधिकार है।
उन्होंने दक्षिणी सेना की तारीफ करते हुए कहा कि वह अंतरिम राजधानी अदन और आसपास के इलाकों की सुरक्षा कर रही है। साथ ही ताइज शहर की घेराबंदी खत्म करने की कोशिश कर रही है। अल-नुजैली ने कहा कि ताइज को हूतियों की घेराबंदी से बाहर निकालना देश की बड़ी जिम्मेदारी है।