भले ही यह एक आम वनडे मुकाबला लग रहा हो लेकिन यह अगले साल होने वाले विश्व कप में भारतीय टीम की दिशा तय करेगा। दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के विरुद्ध इस वनडे सीरीज से तय होना था कि भारत अगले साल किन किन खिलाड़ियों पर दांव लगाएगा।
खास तौर पर ये तय होना था कि रोहित शर्मा अगले साल तक इस टीम में टिक पाएंगे या नहीं। यहां हुए तीन मैचों में से दो में वह शून्य पर आउट हुए हैं। उनके लिए रविवार को होने वाला सीरीज का आखिरी मुकाबला करो या मरो वाला होगा।
इस मुकाबले पर सीरीज का नतीजा भी निर्भर करेगा। भारत शुक्रवार को यहां खेले गए चौथे वनडे में अपनी दूसरी सबसे बड़ी हार के बावजूद सीरीज में 2-1 से आगे है। भारत के लिए सबसे राहत की बात ये है कि पिछले मैच के पहले ही ओवर तीन और कुल छह विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज मैट हेनरी न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा नहीं रहेंगे। वह टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वेलिंगटन पहुंच चुके हैं।