वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि भारत चीन के साथ अपने संबंधों को नए तरीके से गढ़ने पर काम कर रहा है, लेकिन इस यात्रा का अंतिम अध्याय अभी लिखा जाना बाकी है। अमेरिका के साथ संबंधों पर उन्होंने कहा कि ये संबंध पहले से ही बहुत अच्छे हैं। अभी भी उन्हें कोई समस्या नहीं दिखती।
उनकी राय में भारत के अमेरिका के साथ संबंध बहुत ठोस हैं और दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि दोनों ही बड़े लोकतंत्र हैं। उन्हें नहीं लगता कि दुनिया के बाकी देशों को इस बारे में चिंता करने की जरूरत है।
ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में अपने संबोधन में पीयूष गोयल ने कहा, ‘हम दुनिया के सभी देशों के साथ काम करने को तैयार हैं, बशर्ते समझौतें उचित हों, आपसी जुड़ाव में निरंतरता बनी रहे और भू-राजनीतिक स्थिति खराब न हो। मुझे लगता है कि अतीत में हमारी कुछ चिंताएं थीं। हम चीन के साथ एक बार फिर संबंध विकसित करने की दिशा में काम कर रहे हैं, लेकिन इस सफर का अंतिम अध्याय अभी लिखा जाना बाकी है।’