‘ब्रह्मोस से उड़ी पाकिस्तान की नींद’, रक्षा उत्पादन पर गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा बयान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में उत्तर प्रदेश और भारत के रक्षा निर्माण क्षेत्र में हो रहे ऐतिहासिक बदलावों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रक्षा उपकरणों का निर्माण देश के औद्योगिक और आर्थिक विस्तार का नया प्रतीक बन चुका है।

‘ब्रह्मोस की वजह से उड़ी पाकिस्तान की नींद’

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, आज यूपी में बनी ब्रह्मोस मिसाइलों की वजह से पाकिस्तान की नींद उड़ी हुई है। इसी तरह अमेठी में निर्मित AK-203 असॉल्ट राइफलें नक्सलियों और आतंकवादियों की नींद उड़ा रही हैं। यह राज्य में आ रहे बड़े सकारात्मक बदलाव का स्पष्ट संकेत है।

शाह ने बताया कि उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के सभी छह नोड्स, झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर, में रक्षा निर्माण के क्षेत्र में भारी निवेश आ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए हैं, जिसने भारतीय उद्योगों की निर्यात क्षमता को अभूतपूर्व बढ़ावा दिया है।

विरोधी विचारों पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि नकारात्मक सोच वाले लोग भारत की प्रगति को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन तमाम वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत ने अपनी विकास दर को मजबूती से बनाए रखा है।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *