IPL 2027 का ऑक्शन गोवा में होगा। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिसंबर में मिनी ऑक्शन आयोजित किया जाएगा।
पिछले तीनों ऑक्शन भारत से बाहर हुए थे। 2024 में दुबई, 2025 में सऊदी अरब के जेद्दा और 2026 में अबूधाबी में नीलामी कराई गई थी।
ऑक्शन की तारीख और वेन्यू अभी तय नहीं हुआ है। वेन्यू चुनते समय BCCI फ्रेंचाइजियों और उनके डेलिगेशन के ठहरने की व्यवस्था को सबसे ज्यादा महत्व देगा।
अक्टूबर से दिसंबर तक भारत में वेडिंग सीजन होने के कारण 5-स्टार होटल में पर्याप्त कमरे मिलना भी एक बड़ा फैक्टर रहेगा। BCCI को ऑक्शन के लिए दो रातों के लिए 100 से ज्यादा कमरों की जरूरत होती है।
विदेश में ऑक्शन की लॉजिस्टिक से परेशान थीं फ्रेंचाइजियां
ऑक्शन को भारत वापस लाने के फैसले में IPL फ्रेंचाइजियों का फीडबैक भी अहम रहा। टीमों ने मिनी ऑक्शन के लिए अपने डेलिगेशन को विदेश ले जाने में होने वाली लॉजिस्टिक और ऑपरेशनल परेशानियों पर आपत्ति जताई थी।
पिछले साल अबू धाबी में ऑक्शन के दौरान भी फ्रेंचाइजियों की यह चिंता सामने आई थी। इसके बाद IPL गवर्निंग काउंसिल ने इस साल के मिनी ऑक्शन के लिए भारत में वेन्यू तलाशने का फैसला किया।
मिनी-ऑक्शन में क्या होगा?
मिनी-ऑक्शन का मतलब है कि टीमें पूरी तरह से अपनी स्क्वॉड दोबारा नहीं बनाएंगी। फ्रेंचाइजियां मौजूदा खिलाड़ियों के बड़े हिस्से को अपने पास रखते हुए खाली स्लॉट और टीम की जरूरत के हिसाब से नए खिलाड़ियों को खरीदेंगी।
2026 के ऑक्शन से पहले 10 टीमों ने कुल 173 खिलाड़ियों को रिटेन किया था और 77 स्लॉट खाली थे। उनके पास कुल ₹237.55 करोड़ का पर्स उपलब्ध था।
इम्पैक्ट प्लेयर पर फैसला अगले महीने होगा
गवर्निंग काउंसिल ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर अब तक अंतिम फैसला नहीं लिया है। BCCI ने सभी 10 फ्रेंचाइजियों से इस नियम पर लिखित फीडबैक मांगा था।
ज्यादातर फ्रेंचाइजियां इस नियम के खिलाफ बताई जा रही हैं। कुछ टीमों का कहना है कि उन्होंने मौजूदा इम्पैक्ट प्लेयर नियम को ध्यान में रखकर अपनी स्क्वॉड तैयार की है। इसलिए नियम को हटाने का फैसला अगले साल तक टाला जा सकता है।