अमेजन ने मंगलवार को अपनी क्लाउड सर्विस को नाटो के सभी 32 सदस्य देशों के लिए उपलब्ध करा दिया है। इस पहल का मकसद सदस्य देशों के बीच संवेदनशील सरकारी और रक्षा दस्तावेजों को आसानी से शेयर करने और सैन्य योजना पर मिलकर काम करने की सुविधा देना है। इससे डेटा लीक नहीं होगा और सूचनाएं शेयर करना सेफ रहेगा।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों और सेना के क्लाउड कंप्यूटिंग सिस्टम में अमेजन की पहले से बड़ी भूमिका रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर खुफिया एनालिसिस, सैन्य लॉजिस्टिक्स और डिफेंस प्लानिंग के लिए सिक्योर क्लाउड फैसिलिटी एक प्राथमिक जरूरत है।
अब तक नाटो देशों में अलग-अलग सुरक्षा मानकों यानी नियमों के कारण खुफिया जानकारी शेयर करने में काफी दिक्कत आती थी। हालांकि, अब सभी 32 देशों के लिए अप्रूव्ड कॉमर्शियल क्लाउड सॉल्यूशन का इस्तेमाल करने से समय के साथ सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान करना और मिलकर प्लान बनाना आसान हो जाएगा।
इस नए सिस्टम के तहत सभी सहयोगी देश नाटो की कुछ गोपनीय जानकारियों को आपस में शेयर कर सकते हैं। हालांकि, यह सिर्फ नाटो रिस्ट्रिक्टेड लेवल की जानकारियां होंगी, जो नाटो की सबसे कम गुप्त या सबसे लो-लेवल की जानकारियां होती हैं।